
नैनीताल जाने को उमड़ी भीड़, बसों की खिड़कियों से चढ़े यात्री
हल्द्वानी। बकरीद की छुट्टी पर नैनीताल घूमने जाने वाले पर्यटकों की भारी भीड़ गुरुवार को हल्द्वानी रोडवेज स्टेशन पर उमड़ पड़ी। हालात ऐसे रहे कि बस स्टेशन पर बस पहुंचते ही यात्री खिड़कियों से अंदर घुसने लगे। नैनीताल रूट पर यात्रियों की संख्या अचानक बढ़ने से रोडवेज प्रशासन को अतिरिक्त बसें संचालित करनी पड़ीं।
आम दिनों में नैनीताल के लिए आठ बसें संचालित की जाती हैं, लेकिन गुरुवार को नौ से दस बसें नैनीताल भेजी गईं। सभी बसों ने दो से तीन फेरे लगाए। रुद्रपुर, काशीपुर, बाजपुर समेत उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक हल्द्वानी पहुंचे और नैनीताल का रुख किया।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने काठगोदाम से ऊपर बेवजह घूमने वाले दोपहिया वाहनों और टैक्सी बाइकों पर रोक लगा दी। पर्वतीय मार्गों पर सिर्फ स्थानीय लोगों को ही दोपहिया वाहनों से जाने की अनुमति दी गई। हालांकि पुलिस ने पर्यटकों को देखते हुए ज्यादा सख्ती नहीं दिखाई।
प्रशासन का अनुमान है कि आज से पर्वतीय रूटों पर पर्यटकों की संख्या और बढ़ सकती है। हल्द्वानी बस स्टेशन के एआरएम संजय पांडेय ने बताया कि नैनीताल रूट पर लगातार भीड़ बनी रही, जबकि दिल्ली रूट पर यात्रियों की कमी देखने को मिली। वहीं काठगोदाम डिपो के एआरएम गणेश पंत ने बताया कि नैनीताल रूट पर अतिरिक्त बसें भेजी गईं और सभी बसों ने लगातार दो-दो फेरे लगाए।









