दिल दहला देने वाला सड़क हादसा: तीन बाइकों की आमने-सामने टक्कर के बाद लगी आग, दो की जलकर मौत, दो गंभीर घायल

नैनीताल (कालाढूंगी)। शनिवार को नैनीताल जिले के कालाढूंगी थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। चकलुवा-हल्द्वानी मार्ग पर तेज रफ्तार से आ रही तीन बाइकों की आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि तीनों वाहनों में आग लग गई और देखते ही देखते हादसा दर्दनाक रूप ले बैठा।

इस दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस क्षेत्राधिकारी सुमित पांडे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। मृतकों की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है और पुलिस द्वारा पहचान की प्रक्रिया जारी है।

स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है कि आखिर किन हालातों में इतना भीषण टक्कर और आग लगी।

ADVERTISEMENTS Ad

सम्बंधित खबरें