
उत्तराखंड में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण शुरू, 79 लाख से अधिक मतदाताओं तक पहुंचेंगे बीएलओ
देहरादून। उत्तराखंड के 79 लाख से अधिक मतदाताओं के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसके तहत 79 लाख 76 हजार से अधिक गणना प्रपत्र (Enumeration Forms) छपवाकर सभी जिलों को भेज दिए गए हैं। आगामी 8 जून से बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर इन प्रपत्रों का वितरण करेंगे।
निर्वाचन विभाग के अनुसार, 8 जून से 7 जुलाई तक बीएलओ मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराएंगे और भरे हुए प्रपत्र वापस एकत्र करेंगे। इसके बाद 7 जुलाई को मतदान केंद्रों का पुनर्गठन किया जाएगा। पुनर्गठित मतदान केंद्रों के आधार पर 14 जुलाई को मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशित किया जाएगा।
ड्राफ्ट सूची पर दावे और आपत्तियां 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दर्ज कराई जा सकेंगी। वहीं, 10 जुलाई से 11 सितंबर के बीच जिन प्रपत्रों की जानकारी से निर्वाचन अधिकारी संतुष्ट नहीं होंगे, संबंधित मतदाताओं को नोटिस जारी कर आवश्यक जांच और निस्तारण किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची 15 सितंबर को प्रकाशित की जाएगी।
गणना प्रपत्र में देनी होगी विस्तृत जानकारी
गणना प्रपत्र पर मतदाता का वर्तमान ईपीआईसी (EPIC) नंबर, नाम, पता, मतदान केंद्र संबंधी जानकारी तथा क्यूआर कोड पहले से मुद्रित रहेगा। इसके अतिरिक्त मतदाताओं को कई महत्वपूर्ण जानकारियां स्वयं भरनी होंगी।
प्रपत्र में एक कॉलम पूर्व एसआईआर के विवरण के लिए होगा, जिसमें मतदाता को अपना नाम, वर्ष 2003 की मतदाता सूची का ईपीआईसी नंबर, संबंधी का नाम, जिला, राज्य और विधानसभा क्षेत्र की जानकारी देनी होगी।
दूसरे कॉलम में उस संबंधी का नाम, ईपीआईसी नंबर, जिला और राज्य की जानकारी भरनी होगी, जिसके आधार पर मतदाता अपना एसआईआर सत्यापन कराना चाहता है।
तीसरे कॉलम में मतदाता को अपनी जन्मतिथि, आधार नंबर (वैकल्पिक), मोबाइल नंबर, पिता एवं माता का नाम और उनके ईपीआईसी नंबर, साथ ही पति या पत्नी का नाम एवं ईपीआईसी नंबर दर्ज करना होगा। इसके अलावा वर्तमान पासपोर्ट आकार का फोटो लगाकर हस्ताक्षर सहित प्रपत्र बीएलओ के पास जमा करना होगा।
निर्वाचन विभाग की ओर से यह प्रपत्र ऑनलाइन भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिसे डाउनलोड कर भरने के बाद जमा किया जा सकेगा।









