झांझर-अक्सौड़ा से मझेड़ा मोटर मार्ग के सुधारीकरण कार्य का शुभारंभ, करीब 4 करोड़ की लागत से होगा डामरीकरण

धारी। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के धारी ब्लॉक के पोखराड़ में झांझर-अक्सौड़ा से मझेड़ा मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य का शुभारंभ किया गया। शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने नैनीताल सांसद अजय भट्ट के साथ प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत होने वाले कार्य का विधिवत शुभारंभ किया।

इस दौरान सांसद अजय भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत मंत्री राम सिंह कैड़ा की ओर से क्षेत्र की सड़कों के लिए केंद्र सरकार को भेजे जा रहे प्रस्तावों को स्वीकृति दिलाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लिए कई प्रस्तावों को स्वीकृति भी मिली है।

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि यह मोटर मार्ग लंबे समय से खराब स्थिति में था। बरसात के दौरान सड़क पर कीचड़ होने के कारण ग्रामीणों और किसानों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए उन्होंने मोटर मार्ग के डामरीकरण और सुधारीकरण के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत प्रस्ताव भेजा था।

मंत्री कैड़ा के अनुसार, मोटर मार्ग के सुधारीकरण के लिए करीब 4 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत हुई है और अब कार्य शुरू कर दिया गया है।

मोटर मार्ग का डामरीकरण और सुधारीकरण कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों को दैनिक आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। सड़क बेहतर होने से किसानों को भी अपने उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने में सहूलियत मिलेगी। इसके साथ ही क्षेत्र में आवागमन सुगम होने से सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सड़क निर्माण के लिए सहयोग और स्वीकृति दिलाने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सांसद अजय भट्ट का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में भाजपा नैनीताल जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, प्रदेश सरकार में दर्जा राज्यमंत्री देवेंद्र ढेला, भावना मेहरा, शांति मेहरा, धारी मंडल अध्यक्ष कृष्ण चंद्र, ब्लॉक प्रमुख धारी भावना आर्या, जिला मंत्री कुंदन सिंह चिलवाल, प्रकाश चंद्र नानू, हीरेश बिष्ट, विवेक डंगवाल, पवन डंगवाल समेत पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

सम्बंधित खबरें