जेएनयू शैक्षणिक भ्रमण से उत्तराखंड के प्राध्यापकों को नई शिक्षण दिशा, विद्यार्थियों को मिलेगा सीधे लाभ

हल्द्वानी। मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा गुणवत्ता उन्नयन एवं ज्ञानवर्धन प्रशिक्षण योजना के तहत उत्तराखंड मुक्त (ओपन) विश्वविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. अखिलेश सिंह (पर्यटन विभाग) और डॉ. शालिनी चौधरी (अर्थशास्त्र विभाग) ने 15 से 20 सितम्बर तक जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू), नई दिल्ली का शैक्षणिक भ्रमण किया।

इस भ्रमण का उद्देश्य जेएनयू जैसी राष्ट्रीय स्तर की अग्रणी शिक्षा संस्थान की शिक्षण प्रणाली, पठन-पाठन पद्धतियाँ, शोध का वातावरण, पुस्तकालय एवं डिजिटल संसाधनों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त करना था। राज्यभर के विभिन्न विश्वविद्यालयों और राजकीय महाविद्यालयों के कुल 40 प्राध्यापक इस यात्रा में शामिल हुए।

भ्रमण के दौरान प्राध्यापकों ने जेएनयू के संकाय सदस्यों के साथ संवाद किया और शैक्षणिक गतिविधियों, परियोजना आधारित शिक्षण, सतत मूल्यांकन, बहस-विमर्श तथा शोध-परामर्श की प्रक्रियाओं का गहन अध्ययन किया।

प्राध्यापकों ने बताया कि इस अनुभव ने उन्हें नवीन तकनीकों, शोध-उन्मुख दृष्टिकोण और छात्र-केंद्रित शिक्षण अपनाने की प्रेरणा दी है। उन्होंने लौटकर अपने संस्थानों में इन श्रेष्ठ प्रथाओं को लागू करने का संकल्प लिया, जिससे कक्षा-शिक्षण की गुणवत्ता में सुधार होगा और विद्यार्थियों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

अंत में, डॉ. अखिलेश सिंह और डॉ. शालिनी चौधरी ने माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी, उच्च शिक्षा विभाग एवं कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी का इस महत्वपूर्ण पहल के लिए आभार व्यक्त किया।

ADVERTISEMENTS Ad

सम्बंधित खबरें