खेलकूद से लौटते समय भयानक हादसा: छात्राओं का वाहन खाई में गिरा, मची चीख-पुकार

चमोली। गोपेश्वर में आयोजित जिला स्तरीय शरदकालीन कबड्डी प्रतियोगिता से लौट रही छात्राओं का वाहन देर रात सलना गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में छह छात्राओं सहित कुल आठ लोग घायल हुए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पोखरी में प्राथमिक उपचार के बाद, गंभीर रूप से घायल चालक और दो छात्राओं को श्रीनगर के उच्च उपचार केंद्र भेजा गया।

बुधवार को प्रतियोगिता समाप्त होने के बाद गोपेश्वर से रवाना हुए वाहन में जीआईसी रडुवा चांदनीखाल की छह छात्राएँ और खेल शिक्षक, साथ ही जीआईसी नैल सांकरी के तीन छात्र और शिक्षक सवार थे। नैल सांकरी में तीन छात्र और शिक्षक उतर गए, जबकि बाकी छात्राएँ वाहन में आगे बढ़ीं।

रात आठ बजे सलना से करीब दो किलोमीटर पहले चौलांडी गदेरे के पास वाहन अचानक अनियंत्रित होकर 45 मीटर गहरी खाई में गिर गया। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सीएचसी पोखरी पहुँचाया गया।

सीएचसी अधीक्षक डॉ. प्रियम गुप्ता ने बताया कि सभी घायलों की स्थिति स्थिर है और सभी खतरे से बाहर हैं। स्कूल प्रधानाचार्य संजय कुमार ने भी बताया कि वे लगातार घायलों की जानकारी ले रहे हैं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

सम्बंधित खबरें