
केदारनाथ यात्रा मार्ग पर बड़ा हादसा, सोनप्रयाग में पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आए दुकानदार की मौत
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर आज सुबह बड़ा हादसा हो गया। यात्रा के प्रमुख पड़ाव सोनप्रयाग में पहाड़ी से अचानक भारी पत्थर गिरने से एक स्थानीय दुकानदार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद यात्रा मार्ग पर अफरा-तफरी मच गई और प्रशासन को करीब एक घंटे तक यात्रा संचालन रोकना पड़ा।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब सात बजे सोनप्रयाग में शटल सेवा मार्ग के पास स्थित एक कच्ची अस्थाई दुकान पर अचानक पहाड़ी से विशाल पत्थर आ गिरा। उस समय दुकान में मौजूद स्थानीय दुकानदार पत्थर की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं नेपाली मूल का एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। जिस स्थान से पत्थर गिरा वहां पहाड़ी पर कई ढीली चट्टानें मौजूद थीं। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने तत्काल ढीले पत्थरों को हटाने का अभियान चलाया। इस दौरान एहतियातन लगभग एक घंटे तक केदारनाथ यात्रा रोक दी गई। बाद में मार्ग को सुरक्षित घोषित कर यात्रा दोबारा शुरू कराई गई।
सोनप्रयाग कोतवाली प्रभारी राकेंद्र कथैत ने बताया कि हादसे में मृतक की पहचान उमेद सिंह नेगी (48 वर्ष), निवासी ग्राम बड़ेट, के रूप में हुई है। वहीं घायल बम बहादुर (42 वर्ष), निवासी नेपाल, को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। केदारनाथ यात्रा के दौरान लगातार हो रही बारिश और पहाड़ियों से पत्थर गिरने की घटनाओं ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।









