काठगोदाम: शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने की विकास कार्यों की समीक्षा, सड़क और सीवर परियोजनाएं समय पर पूरी करने के निर्देश

हल्द्वानी/काठगोदाम। प्रदेश के शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने शनिवार को काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में उत्तराखण्ड शहरी क्षेत्र विकास प्राधिकरण (यूयूएसडीए) के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कुमाऊं मंडल में संचालित विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में मंत्री ने वर्षाकाल को देखते हुए विशेष रूप से सड़क निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा कराने पर जोर दिया, ताकि आम जनता को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से संबंधित शिकायतों का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।

समीक्षा के दौरान नैनीताल, हल्द्वानी, टनकपुर, किच्छा सहित अन्य शहरों में चल रही सीवर लाइन, पेयजल, सड़क निर्माण और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने इन कार्यों में तेजी लाने और आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

राम सिंह कैड़ा ने बताया कि उत्तराखण्ड शहरी क्षेत्र विकास प्राधिकरण के माध्यम से एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB), केएफडब्ल्यू (जर्मन बैंक) और यूरोपियन इन्वेस्टमेंट बैंक (EIB) के सहयोग से कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ईआईबी की सहायता से पिथौरागढ़, सितारगंज, रुद्रपुर और काशीपुर में विभिन्न विकास कार्य निर्माणाधीन हैं, जिनका लाभ लगभग 6 से 7 लाख लोगों को मिलेगा। वहीं केएफडब्ल्यू के सहयोग से ऋषिकेश में पेयजल परियोजना और 24 ई-बसों के संचालन की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूर्ण हो चुकी विकास परियोजनाओं का शीघ्र लोकार्पण कराया जाए, ताकि जनता को उनका सीधा लाभ मिल सके। साथ ही कार्यदायी संस्थाओं की नियमित निगरानी कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड को देश के अग्रणी राज्यों में बनाए रखने के लिए विकास और पर्यावरण संरक्षण दोनों आवश्यक हैं। उन्होंने ‘पेड़ बचाओ अभियान’ के तहत संतुलित विकास को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया।

बैठक में परियोजना निदेशक विनय मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

सम्बंधित खबरें