
कथित फेक AI वीडियो के खिलाफ कांग्रेस ने दी तहरीर, दोषियों पर मुकदमा दर्ज करने की मांग
हल्द्वानी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक कथित AI-एडिटेड/फेक वीडियो को लेकर महानगर कांग्रेस कमेटी ने पुलिस से शिकायत की है। कांग्रेस का आरोप है कि मूल वीडियो की आवाज के साथ छेड़छाड़ कर उसे भ्रामक और आपत्तिजनक रूप में प्रसारित किया जा रहा है। पार्टी ने SP सिटी को तहरीर देकर वीडियो तैयार करने और उसे प्रसारित करने वालों की जांच कर कानूनी कार्रवाई तथा मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि कथित फेक वीडियो पिछले तीन दिनों से सोशल मीडिया पर वायरल है और इसे कई भाजपा नेताओं द्वारा भी साझा किए जाने का आरोप है। उन्होंने कहा कि ऐसे वीडियो से लोगों में भ्रम फैलने के साथ ही सामाजिक सौहार्द और शहर की फिजा प्रभावित होने की आशंका है। कांग्रेस ने पुलिस से वीडियो की तकनीकी जांच कर वास्तविकता सामने लाने और दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
बिष्ट ने कहा कि शहर में सांप्रदायिक तनाव और भय का माहौल पैदा करने की किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वीडियो के प्रसार पर रोक लगाने के साथ ही जिम्मेदार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होना चाहिए।









