ऑपरेशन प्रहार में लालकुआं पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 203 पाउच कच्ची शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार

नैनीताल। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए लालकुआं पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 203 पाउच कच्ची शराब और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं कार्रवाई के दौरान एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। इसके अलावा पुलिस ने एक वारंटी को भी गिरफ्तार किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिलेभर में अवैध शराब की रोकथाम को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी लालकुआं अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार 28 मई 2026 को चौकी बिंदुखत्ता पुलिस टीम गश्त, संदिग्ध वाहन चेकिंग और अपराध रोकथाम ड्यूटी पर थी। इसी दौरान गोला गेट मैदान के पास वन विभाग द्वारा निर्मित मुस्कान केंद्र के समीप पुलिस ने चंदन टाकुली पुत्र आनंद सिंह निवासी तिवारी नगर-02, बिंदुखत्ता को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से दो सफेद प्लास्टिक कट्टों में भरे 203 पाउच कच्ची शराब और शराब तस्करी में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की शाइन मोटरसाइकिल बरामद की गई।

कार्रवाई के दौरान आरोपी का साथी विनोद सिंह निवासी गोला गेट, संजय नगर बिंदुखत्ता घनी झुग्गी-झोपड़ियों और बाउंड्री वॉल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि वह विनोद सिंह और सूरज गोस्वामी के साथ मिलकर साझेदारी में अवैध शराब का कारोबार करता था। पुलिस ने फरार आरोपियों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस मामले में थाना लालकुआं में एफआईआर संख्या 79/26 के तहत आबकारी अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं दूसरी कार्रवाई में 29 मई 2026 को हल्दूचौड़ चौकी पुलिस ने वारंटी प्रेम सिंह पुत्र गोपाल सिंह निवासी हरिपुर लच्छी, हल्दूचौड़ को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक गौरव जोशी, कांस्टेबल वीरेंद्र सिंह, कांस्टेबल दयाल नाथ, उपनिरीक्षक अर्जुन गिरी, कांस्टेबल कुबेर सिंह और कांस्टेबल गुरमेज सिंह शामिल रहे।

सम्बंधित खबरें