
ऋषिकेश में दर्दनाक हादसा: बेकाबू डंपर झोपड़ी पर गिरा, महिला समेत चालक की मौत
ऋषिकेश के पास शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार डंपर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे कंक्रीट डिवाइडरों को तोड़ता हुआ करीब 20 मीटर नीचे खेत में बनी एक झोपड़ी पर जा गिरा। हादसे में झोपड़ी में मौजूद महिला और डंपर चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, हादसा टिहरी जिले में भद्रकाली तिराहे से आगे ब्रह्मानंद मोड़ के पास हुआ, जो ऋषिकेश से करीब दो किलोमीटर दूर स्थित है। बताया जा रहा है कि डंपर भद्रकाली की ओर से ब्रह्मानंद मोड़ की तरफ जा रहा था। इसी दौरान मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार डंपर सड़क किनारे लगे दो भारी कंक्रीट डिवाइडरों को तोड़ते हुए सीधे नीचे खेत की ओर जा गिरा।

हादसा इतना भयावह था कि डंपर के साथ भारी कंक्रीट डिवाइडर भी नीचे बनी झोपड़ी पर आ गिरे। उस समय झोपड़ी में 42 वर्षीय कौशल्या मौजूद थीं। भारी डिवाइडरों की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं डंपर चालक फारुख, निवासी बहादरपुर, लक्सर, जिला हरिद्वार की भी हादसे में जान चली गई।
घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास मौजूद पर्यटक और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस व SDRF को सूचना दी। SDRF की टीम इंस्पेक्टर कवींद्र सजवान के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
रेस्क्यू टीम ने भारी कंक्रीट डिवाइडरों के नीचे दबी महिला के शव को बाहर निकाला। इसके बाद दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण डंपर की तेज रफ्तार और चालक द्वारा वाहन से नियंत्रण खोना माना जा रहा है। SDRF और पुलिस प्रशासन मामले की विस्तृत जांच में जुटे हैं।









