आध्यात्मिक शक्ति से ही भारत बनेगा विश्वगुरु: ध्रुव रौतेला

ब्रह्माकुमारीज़ की मीडिया संगोष्ठी में समाधानपरक पत्रकारिता और आध्यात्मिक मूल्यों पर हुआ मंथन

हल्द्वानी। आध्यात्मिक जागृति और नैतिक मूल्यों के बल पर ही भारत विश्वगुरु की भूमिका निभाएगा। यह बात उत्तराखंड सरकार की मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला ने ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के हरिपुर सूखा स्थित सेवाकेंद्र में आयोजित मीडिया संगोष्ठी में कही।

“आध्यात्मिकता से विश्व परिवर्तन” विषय पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ध्रुव रौतेला ने कहा कि आज भारत की योग और आध्यात्मिक संस्कृति की पहचान पूरी दुनिया में बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि समाज निर्माण में ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान का योगदान महत्वपूर्ण है। वर्तमान समय में पत्रकारिता का स्वरूप तेजी से बदला है, ऐसे में मीडिया की विश्वसनीयता और सकारात्मक सोच बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि आज पत्रकारिता को आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने की आवश्यकता है, ताकि समाज को सही दिशा मिल सके।

कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारीज़ मीडिया प्रभाग के राष्ट्रीय संयोजक राजयोगी सुशांत भाई ने संस्थान की सेवाओं की जानकारी देते हुए कहा कि मीडिया प्रभाग का उद्देश्य समाधानपरक पत्रकारिता को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि केयर, शेयर और इंस्पायर मीडिया का मूल मंत्र है और पत्रकारिता में मूल्यों की भूमिका सबसे अहम है।

मीडिया प्रभाग दिल्ली की क्षेत्रीय संयोजिका राजयोगिनी बीके सुनीता ने कहा कि राजयोग के माध्यम से व्यक्ति आंतरिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव कर सकता है। उन्होंने उपस्थित लोगों को राजयोग अभ्यास भी कराया।
हल्द्वानी सेवाकेंद्र प्रभारी राजयोगिनी बीके नीलम दीदी ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र सिंह और मीडिया मैप के प्रबंध संपादक चंदर कुमार ने भी अपने विचार रखे।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। अतिथियों को तिलक, पुष्पगुच्छ और पटका पहनाकर सम्मानित किया गया। बीके कनिष्का ने नृत्य प्रस्तुति से स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन दिल्ली से आए राजयोगी बीके गणेश ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में मीडिया कर्मी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

सम्बंधित खबरें