
उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा: टैक्सी कार और बाइक की टक्कर के बाद दोनों वाहनों में लगी आग, दो युवकों की मौत
ऊधम सिंह नगर। उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सितारगंज-टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर टैक्सी कार और बाइक की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। फिलहाल दोनों मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है।
हनुमान मंदिर के पास हुआ हादसा
यह हादसा सुबह करीब 8:30 बजे बिडोरा मझोला बाजार स्थित हनुमान मंदिर के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टैक्सी कार और बाइक के बीच आमने-सामने की टक्कर के तुरंत बाद दोनों वाहनों में आग भड़क गई। आग की ऊंची लपटों से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
लोगों ने बचाव कर अस्पताल पहुंचाया
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने बाइक सवार दोनों युवकों को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को उपजिला चिकित्सालय सितारगंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू
वाहनों में लगी आग के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद जले हुए वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया गया।
मृतकों की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी शिनाख्त करने और परिजनों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। साथ ही हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।
फरार चालक की तलाश जारी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद टैक्सी कार का चालक मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि कार सीएनजी से संचालित थी। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण सीएनजी माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फरार चालक की तलाश भी जारी है।








