उत्तराखंड में बारिश का रेड अलर्ट जैसा खतरा: 7 जिलों में अगले 24 घंटे अत्यधिक भारी वर्षा की चेतावनी, प्रशासन हाई अलर्ट पर

भूस्खलन, जलभराव और नदियों के उफान का खतरा; चारधाम यात्रियों समेत आम लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा टालने की अपील

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून ने अब आक्रामक रूप धारण कर लिया है। राज्य सरकार ने अगले 24 घंटों के लिए सात जिलों में अत्यधिक भारी वर्षा का हाई इंटेंसिटी अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन और आपदा प्रबंधन तंत्र पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। गुरुवार सुबह 10:55 बजे जारी यह अलर्ट शुक्रवार सुबह 10:55 बजे तक प्रभावी रहेगा।

अलर्ट के अनुसार देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल और चम्पावत जिलों में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने के साथ कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना है। लगातार बारिश के कारण भूस्खलन, सड़कें बंद होने, नदियों-नालों के जलस्तर में अचानक वृद्धि और शहरी क्षेत्रों में जलभराव का गंभीर खतरा बना हुआ है।

राज्य सरकार ने सभी संबंधित जिलों के अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में SDRF, पुलिस और अन्य आपदा राहत एजेंसियों को सतर्क रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों और गधेरों के आसपास जाने से परहेज करें तथा पहाड़ी मार्गों पर विशेष सावधानी बरतें। चारधाम यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं और पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले यात्रियों को भी यात्रा से पहले मौसम और सड़क मार्ग की ताज़ा जानकारी अवश्य लेने की सलाह दी गई है।

ADVERTISEMENTS Ad

सम्बंधित खबरें