
उत्तराखंड में बना नया इतिहास: राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) बने सबसे लंबे कार्यकाल वाले राज्यपाल
देहरादून। उत्तराखंड के राजनीतिक और संवैधानिक इतिहास में सोमवार, 6 जुलाई का दिन ऐतिहासिक बन गया। प्रदेश के वर्तमान राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने राज्य के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले राज्यपाल बनने का नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
उन्होंने पूर्व राज्यपाल सुदर्शन अग्रवाल के 1,755 दिनों के कार्यकाल का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। सोमवार से उनके कार्यकाल का 1,756वां दिन शुरू होने के साथ ही उन्होंने यह ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम दर्ज करा ली।
इससे पहले उत्तराखंड में सबसे लंबे समय तक राज्यपाल रहने का रिकॉर्ड सुदर्शन अग्रवाल के नाम था। उन्होंने 8 जनवरी 2003 को राज्यपाल पद की शपथ ली थी और 28 अक्टूबर 2007 तक कुल 1,755 दिनों तक इस पद की जिम्मेदारी निभाई।
वर्तमान राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने 15 सितंबर 2021 को उत्तराखंड के आठवें राज्यपाल के रूप में शपथ ग्रहण की थी। रविवार को उन्होंने अपने कार्यकाल के 1,755 दिन पूरे किए और सोमवार को 1,756वें दिन के साथ नया इतिहास रच दिया।
सैन्य परंपरा के लिए प्रसिद्ध उत्तराखंड के लिए यह उपलब्धि विशेष महत्व रखती है। देवभूमि और वीरभूमि के रूप में पहचान रखने वाले इस राज्य में एक प्रतिष्ठित सैन्य अधिकारी के नाम यह रिकॉर्ड दर्ज होना गौरव का विषय माना जा रहा है।
सितंबर 2021 में पदभार संभालने के बाद से राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास, रिवर्स पलायन, महिला सशक्तीकरण, उच्च शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और युवाओं को प्रोत्साहित करने जैसे विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।








