
अल्मोड़ा में रिश्तों का कत्ल: दामाद ने ससुर को मौत के घाट उतारा, पत्नी संग फरार… देखें वारदात का पूरा मामला
अल्मोड़ा। जिले के धौलादेवी विकासखंड के सेली गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। हरियाणा से आए एक युवक ने अपने ही ससुर पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर उनकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी अपनी पत्नी (मृतक की बड़ी बेटी) के साथ मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, सेली गांव निवासी चंद्रशेखर पांडेय (52) कुछ समय पहले हरियाणा से अपने पैतृक गांव लौटे थे और यहां खेती-बाड़ी कर रहे थे। इसी साल अप्रैल में उन्होंने अपनी बड़ी बेटी का विवाह हरियाणा निवासी धर्मवीर के साथ किया था। शनिवार को धर्मवीर अपनी पत्नी के साथ सेली गांव पहुंचा था।
बताया जा रहा है कि रविवार को किसी बात को लेकर ससुर और दामाद के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि धर्मवीर ने पाटल (धारदार हथियार) से चंद्रशेखर पांडेय पर हमला कर दिया। आरोपी ने उन पर एक दर्जन से अधिक वार किए, जिससे उनके हाथ-पैर की हड्डियां टूट गईं और सिर पर गंभीर चोटें आईं।
वारदात के बाद आरोपी ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर घर में मौजूद मृतक की पत्नी और अन्य बच्चों को कमरे में बंद कर दिया और दोनों फरार हो गए। देर रात ग्रामीणों और परिजनों ने किसी तरह कमरे से बाहर निकलकर घायल चंद्रशेखर को देखा और उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धौलादेवी पहुंचाया।
हालत गंभीर होने पर उन्हें हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। चिकित्सकों के अनुसार अत्यधिक रक्तस्राव और सिर में गंभीर चोटों के कारण उनकी जान गई।
दन्या थाना प्रभारी दिनेश नाथ महंत ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटा लिए हैं। पुलिस ने आरोपी धर्मवीर और उसकी पत्नी की तलाश शुरू कर दी है। उत्तराखंड पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हरियाणा पुलिस से भी संपर्क किया है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी के बाद हत्या के पीछे के कारणों का खुलासा हो सकेगा।








