
अल्मोड़ा में दर्दनाक हादसा: खाई में गिरी ऑल्टो, कांग्रेस जिला सचिव समेत चार की मौत, दो गंभीर
अल्मोड़ा। लमगड़ा क्षेत्र के चायखान के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बलिया–बैगनियां मोटर मार्ग पर एक ऑल्टो कार (यूके 04 जेड-5819) अनियंत्रित होकर करीब 25 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव राजेंद्र सिंह बिलवाल समेत चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बलिया निवासी छह लोग सुबह खरीदारी के लिए विशौद बैगनिया बाजार गए थे। दोपहर करीब 1:30 बजे सभी लोग कार से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान करीब 1:55 बजे चायखान के पास वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी को खाई से बाहर निकाला गया। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लमगड़ा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया।
मृतकों की पहचान राजेंद्र सिंह बिलवाल (40) पुत्र नारायण सिंह, पान सिंह (50) पुत्र विशन सिंह, जगदीश (35) पुत्र लछम सिंह और लछम सिंह (56) पुत्र प्रताप सिंह, सभी निवासी ग्राम बलिया के रूप में हुई है। वहीं घायल गोपाल सिंह (45) और सचिन सिंह बिलवाल (18) को गंभीर हालत में एयर एंबुलेंस से हल्द्वानी भेजा गया है।

हादसे में कांग्रेस जिला सचिव राजेंद्र सिंह बिलवाल की मौत के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। बताया जा रहा है कि उनके पुत्र सचिन भी उसी वाहन में सवार थे, जो हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।









