अल्मोड़ा : बाड़ेछीना पेट्रोल पंप पर 2 महीने से तेल खत्म, 1 हफ्ते में तेल सप्लाई शुरू करो, नहीं तो होगी कार्रवाई

अल्मोड़ा। पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित बाड़ेछीना पेट्रोल पंप में पिछले करीब दो महीनों से पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति ठप होने से क्षेत्रीय लोगों समेत यात्रियों और पर्यटकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पूर्ति निरीक्षक, राजस्वग्राम बाड़ेछीना ने पेट्रोल पंप स्वामी को नोटिस जारी कर जल्द ईंधन आपूर्ति सुचारु करने के निर्देश दिए हैं।

जारी नोटिस में कहा गया है कि लंबे समय से पेट्रोल पंप पर ईंधन उपलब्ध नहीं होने के कारण स्थानीय जनता परेशान है। विभाग की ओर से यह भी बताया गया कि इस संबंध में पहले कई बार दूरभाष के माध्यम से पेट्रोल पंप संचालक को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।

विभाग के अनुसार अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ मोटर मार्ग मुख्य राष्ट्रीय राजमार्ग होने के कारण यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं। पेट्रोल पंप बंद होने जैसी स्थिति के चलते वाहन चालकों को ईंधन भरवाने के लिए अल्मोड़ा तक जाना पड़ रहा है, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त परेशानी झेलनी पड़ रही है।

वर्तमान पर्यटन सीजन को देखते हुए प्रशासन ने इस समस्या को और गंभीर माना है। विभाग का कहना है कि पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने के दौरान पेट्रोल और डीजल की नियमित उपलब्धता बेहद जरूरी है। नोटिस में साफ चेतावनी दी गई है कि यदि एक सप्ताह के भीतर आपूर्ति व्यवस्था बहाल नहीं की गई तो संबंधित पेट्रोल पंप स्वामी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

इस नोटिस की प्रतिलिपि उपजिलाधिकारी सदर अल्मोड़ा और जिला पूर्ति अधिकारी अल्मोड़ा को भी भेजी गई है ताकि मामले पर आगे आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
इधर, क्षेत्र भ्रमण के दौरान लोगों ने दर्जा राज्य मंत्री गोविंद पिल्खवाल के समक्ष भी पेट्रोल और डीजल की किल्लत का मुद्दा उठाया। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने बताया कि लंबे समय से ईंधन नहीं मिलने के कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

दर्जा राज्य मंत्री गोविंद पिल्खवाल ने भी प्रशासन से मामले का तत्काल संज्ञान लेकर बाड़ेछीना पेट्रोल पंप पर नियमित ईंधन आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि यह मार्ग स्थानीय निवासियों के साथ-साथ पर्यटकों और व्यावसायिक वाहनों के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है, ऐसे में जल्द समाधान किया जाना आवश्यक है।

सम्बंधित खबरें