उत्तराखंड में बदला मौसम, पहाड़ी इलाकों में बारिश का अलर्ट, मैदान में बढ़ेगा तापमान

देहरादून। प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला रहने की संभावना है। पहाड़ी जनपद चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ एवं बागेश्वर में कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है। यहां कुछ स्थानों पर बिजली चमकने, 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

इन जनपदों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। जबकि मैदानी जनपदों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।

सोमवार को चमोली जनपद के पीपलकोटी व गोपेश्वर आदि क्षेत्रों में मूसलधार वर्षा हुई। जबकि उत्तरकाशी और केदारनाथ में बादल छाए रहे। इस दौरान देहरादून में दोपहर दो बजे तक कहीं-कहीं हल्के बादल छाए रहे, लेकिन दो बजे बाद चटख धूप खिलने से गर्मी का एहसास हुआ। इस दौरान हरिद्वार, रुड़की, ऊधमसिंह नगर में तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक रिकार्ड किया गया।

जून में मानसून दे सकता है दस्तक
मौसम विभाग ने केरल में 27 मई को मानसून के दस्तक देने का अनुमान लगाया है। ऐसे में उत्तराखंड में भी जून 15 से 20 के बीच मानसून दस्तक दे सकता है।

अधिकतम तापमान ये रहा
सोमवार को दून का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक 37.0 और न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक 24.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

टिहरी का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 25.8 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम 13.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक 14.1 डिग्री सेल्सियस रहा।

पंतनगर का अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक 27.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि मंगलवार को पांच पहाड़ी जनपदों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इन पांचों जनपदों में वर्षा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

ADVERTISEMENTS Ad

सम्बंधित खबरें