मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से मां मनसा देवी मार्ग के पुनर्निर्माण को मिली मंजूरी, भक्तों की यात्रा होगी अब और अधिक सुरक्षित

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निरंतर प्रयासों से मां मनसा देवी मंदिर के पैदल मार्ग के पुनर्निर्माण, पहाड़ी क्षेत्र के संरक्षण एवं कटाव रोकथाम कार्यों को भारत सरकार की स्वीकृति मिल गई है। अब मां मनसा देवी के दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा और अधिक सुगम, सुरक्षित एवं सुविधाजनक होगी।

वर्षा और भूस्खलन के चलते मनसा देवी पैदल मार्ग के कई हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए थे। इस पर तत्परता दिखाते हुए जिला प्रशासन ने राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड से अनुमति हेतु शासन को पत्र प्रेषित किया था। मुख्यमंत्री धामी के विशेष प्रयासों के परिणामस्वरूप राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड की 85वीं बैठक में राजाजी नेशनल पार्क रिजर्व वन क्षेत्र में कार्यों के लिए अनुमति प्रदान की गई।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कार्यदायी संस्था सिंचाई विभाग को निर्देश दिए हैं कि मनसा देवी पैदल मार्ग के पुनर्निर्माण और मरम्मत कार्य को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि “मां मनसा देवी हरिद्वार की पहचान हैं, और क्षेत्र का संरक्षण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड ओमजी गुप्ता ने बताया कि मनसा देवी पैदल मार्ग के पुनर्निर्माण और हिल ट्रीटमेंट कार्यों के लिए भारत सरकार से 156.48 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में पहाड़ी क्षेत्र के कटाव को रोकने एवं संरक्षण हेतु निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।

Ad Ad

सम्बंधित खबरें