हल्द्वानी में दर्दनाक सड़क हादसा: रॉन्ग साइड से आए ट्रक की टक्कर में 15 वर्षीय छात्र की मौत, दोस्त ICU में भर्ती

हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र में गोरापड़ाव के पास हल्द्वानी-लालकुआं राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार रात करीब 9 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रॉन्ग साइड से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो किशोरों को टक्कर मार दी। हादसे में 15 वर्षीय सिद्धार्थ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त अयान गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर के बाद बाइक में आग लग गई और देखते ही देखते वह पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

मृतक सिद्धार्थ और घायल अयान लालकुआं के वार्ड नंबर-4 के निवासी, पड़ोसी और घनिष्ठ मित्र थे। दोनों गुरुवार रात हल्द्वानी बाजार से अपने घर लौट रहे थे, तभी गोरापड़ाव के पास यह हादसा हो गया।

बताया जा रहा है कि सिद्धार्थ के माता-पिता उत्तर प्रदेश के बदायूं गए हुए थे। उसकी मां शुक्रवार को होने वाली भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए गई थीं। घर पर कोई नहीं होने के कारण सिद्धार्थ अपने दोस्त अयान के साथ घूमने निकला था। लौटते समय उनकी बाइक हादसे का शिकार हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक की रफ्तार तेज थी और वह रॉन्ग साइड से आ रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और उसमें आग लग गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने सिद्धार्थ को मृत घोषित कर दिया, जबकि अयान की हालत गंभीर बनी हुई है। उसका ICU में इलाज चल रहा है।

सिद्धार्थ लालकुआं नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन के पोते थे। उनके पिता उदयवीर सिंह सामाजिक कार्यकर्ता होने के साथ बच्चों को जूडो-कराटे का प्रशिक्षण भी देते हैं, जबकि उनकी मां उत्तर प्रदेश के बहेड़ी में सरकारी शिक्षिका हैं। सिद्धार्थ 12वीं कक्षा का छात्र था और परिवार में सबसे छोटा था। उसकी एक बड़ी बहन भी है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात सुचारु कराया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि गोरापड़ाव कट के आसपास अक्सर वाहन चालक यातायात नियमों का उल्लंघन करते हैं। लोगों ने इस मार्ग पर रॉन्ग साइड से चलने वाले वाहनों और भारी वाहनों की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

ADVERTISEMENTS Ad

सम्बंधित खबरें