हल्द्वानी में अंडर-18 बास्केटबॉल का धमाका: ‘डाउनटाउन’ और ‘RBC’ बने चैंपियन, रोमांचक मुकाबलों से गूंजा कोर्ट

हल्द्वानी (नैनीताल)। शहर के ओरम द ग्लोबल स्कूल बास्केटबॉल कोर्ट पर आयोजित अंडर-18 जिला स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का समापन शानदार और रोमांचक मुकाबलों के साथ हुआ। फाइनल और सेमीफाइनल में खिलाड़ियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली, जहां बेहतरीन खेल प्रदर्शन के दम पर बॉयज वर्ग में ‘डाउनटाउन’ और गर्ल्स वर्ग में ‘RBC’ ने खिताब अपने नाम किया।

प्रतियोगिता में जिले के नामी स्कूलों और क्लबों की टीमों ने जोरदार भागीदारी निभाई, जिससे हर मुकाबला बेहद प्रतिस्पर्धात्मक रहा। बॉयज सेमीफाइनल में RBC ने D1 हॉपर्स को 21-19 से हराया, जबकि डाउनटाउन ने सैनिक स्कूल घोड़ाखाल को 11-10 के बेहद करीबी अंतर से मात देकर फाइनल में जगह बनाई। गर्ल्स वर्ग में लेवल अप ने RBC को 8-7 से हराया, वहीं टाइटन्स ने निर्मला स्कूल को 8-4 से पराजित किया।

पूरे टूर्नामेंट का संचालन अनुभवी रेफरी टीम ने निष्पक्षता के साथ किया, जिससे खेल भावना और अनुशासन बना रहा। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि कपिल अग्रहरी, ललित जोशी और अतुल जायसवाल ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

प्रतियोगिता सचिव सचिन वैश्य ने बताया कि खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर जिला टीम का चयन किया जाएगा, जो 24वीं उत्तराखंड जूनियर स्टेट बास्केटबॉल चैंपियनशिप में प्रतिभाग करेगी। वहीं कोच प्रदीप बिष्ट ने चयन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बताते हुए कहा कि आयु और दस्तावेजों की सख्ती से जांच की गई है।

सम्बंधित खबरें