हल्द्वानी: मां के बाजार जाते ही 17 वर्षीय छात्रा ने फंदे से की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

हल्द्वानी के लालकुआं कोतवाली क्षेत्र में 17 वर्षीय इंटरमीडिएट की छात्रा ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय उसकी मां सब्जी लेने बाजार गई हुई थीं। लौटने पर उन्होंने बेटी को कमरे में फंदे से लटका देखा, जिसके बाद उनकी चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

मृतका की पहचान नेहा पांडे (17 वर्ष) निवासी बच्चीधर्मा गांव, हल्दूचौड़ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, घटना बुधवार शाम की है। सूचना मिलते ही कोतवाल बृज मोहन राणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।

फोरेंसिक जांच पूरी होने के बाद शव को फंदे से उतारकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेज दिया गया। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नेहा मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्या से जूझ रही थी और उसका उपचार दिल्ली के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

नेहा के पिता का पहले ही निधन हो चुका था। परिवार में मां और एक छोटा भाई हैं। मां स्थानीय फैक्ट्री में मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करती हैं। बेटी की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

ADVERTISEMENTS Ad

सम्बंधित खबरें