हरिद्वार में भीषण सड़क हादसा: रोडवेज बस-पिकअप की आमने-सामने टक्कर, तीन की मौत; पांच गंभीर घायल

हरिद्वार। श्यामपुर थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा टनकपुर डिपो की रोडवेज बस और पिकअप वाहन के बीच 4.2 फ्लाईओवर के पास आमने-सामने हुई भीषण टक्कर के बाद हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दो लोग उछलकर फ्लाईओवर से नीचे जा गिरे।

जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 4:30 बजे हुआ। तेज रफ्तार के चलते दोनों वाहनों की भिड़ंत होने की आशंका जताई जा रही है। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही श्यामपुर थाना पुलिस और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

पुलिस ने वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे में नजीबाबाद के बढ़ापुर निवासी 18 वर्षीय अहान और फहीम (35) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य मृतक की पहचान की जा रही है।

वहीं हादसे में सोहने लाल (25) निवासी रीठ मानसिंह, हरदोई, शराफत (42), उनकी पत्नी शबाना (35), अनु (18) निवासी बढ़ापुर, नजीबाबाद और समीम (42) निवासी बिजनौर गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू करा दिया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

सम्बंधित खबरें