स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल: प्रसव पीड़ा में पैदल अस्पताल पहुंची महिला की मौत, गर्भ में पल रहे बच्चे ने भी तोड़ा दम

थराली। चमोली जिले के थराली क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी और इलाज में देरी का गंभीर मामला सामने आया है। प्रसव पीड़ा के बाद गांव से पैदल चलकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) थराली पहुंची 35 वर्षीय गर्भवती महिला सरिता देवी की इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला और उसके गर्भ में पल रहे बच्चे ने हायर सेंटर ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही और समय पर रेफर नहीं करने का आरोप लगाते हुए स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह कुराड़ गांव निवासी सरिता देवी पत्नी नरेंद्र कुमार को प्रसव पीड़ा शुरू हुई थी। वह खुद पैदल चलकर सीएचसी थराली पहुंचीं। सुबह करीब 9:30 बजे अस्पताल में उनका परीक्षण किया गया। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों ने सामान्य प्रसव का भरोसा देकर उन्हें अस्पताल में ही रोके रखा, जबकि धीरे-धीरे उनकी हालत बिगड़ती चली गई।

परिजनों के मुताबिक करीब पांच घंटे तक महिला को अस्पताल में रखा गया। दोपहर के समय पानी की थैली फटने के बाद स्थिति गंभीर हो गई। इसके बाद परिजनों ने तत्काल हायर सेंटर रेफर करने की मांग की, लेकिन देर से रेफर किया गया। दोपहर करीब 2:30 बजे महिला को 108 एंबुलेंस से कर्णप्रयाग भेजा गया, लेकिन नारायणबगड़ के पास रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। कर्णप्रयाग अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने महिला और नवजात को मृत घोषित कर दिया।

सीएचसी थराली के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय गुप्ता ने बताया कि अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ उपलब्ध नहीं थे, जिसके कारण मरीज को कर्णप्रयाग रेफर किया गया। उन्होंने कहा कि मामले की विभागीय जांच कराई जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि इलाज में देरी के कारण दो जानें चली गईं। उन्होंने कर्णप्रयाग अस्पताल की मॉर्चरी व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए डीप फ्रीजर की खराब स्थिति का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि रातभर पुलिस को सूचना देने के बावजूद संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई।

सरिता देवी अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।

ADVERTISEMENTS Ad

सम्बंधित खबरें