
सुरमाने बैंड–मल्ला गहना मोटर मार्ग के डामरीकरण कार्य का मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया शिलान्यास
रामगढ़। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के रामगढ़ ब्लॉक अंतर्गत सुरमाने बैंड से मल्ला गहना मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य का कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने विधिवत शिलान्यास कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

यह मोटर मार्ग लंबे समय से क्षतिग्रस्त होने के कारण क्षेत्रीय ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय लोगों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा से सड़क के डामरीकरण एवं सुधारीकरण की मांग की थी। ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। शासन से धनराशि स्वीकृत होने के बाद अब सड़क के डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य की शुरुआत कर दी गई है।

इस अवसर पर मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉकों में क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों का लगातार डामरीकरण एवं सुधार कार्य कराया जा रहा है, ताकि लोगों को बेहतर सड़क सुविधाएं मिल सकें।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं भी सुनीं। ग्रामीणों ने बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, सड़क सहित विभिन्न जनसमस्याओं से उन्हें अवगत कराया। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं से भव्य स्वागत कर उनका आभार व्यक्त किया।









