सिडकुल में दिल दहला देने वाली वारदात: बेटों ने बैट से पीटकर की पिता की हत्या, शव को चोरी-छिपे किया अंतिम संस्कार

हरिद्वार के सिडकुल थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ घरेलू विवाद ने ऐसा भयावह रूप ले लिया कि दो बेटों ने मिलकर अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। यह सनसनीखेज वारदात रविवार देर रात की है, जिसने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।

रावली महदूद में किराए पर रहने वाले अशोक कुमार और उनके बेटों, सचिन व शिवम के बीच अक्सर झगड़ा होता था। रविवार रात भी किसी बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि बेटों ने आपा खो दिया और क्रिकेट बैट से पिता के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। बुरी तरह घायल अशोक कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या को छिपाने के लिए दोनों आरोपी बेटों ने मकान मालिक को यह कहकर गुमराह किया कि वे घायल पिता को अस्पताल ले जा रहे हैं। मगर इसके बजाय वे शव को रात में ही चोरी-छिपे वाहन में डालकर बिजनौर स्थित अपने गांव ले गए और सुबह अंतिम संस्कार कर दिया।

घटना का खुलासा तब हुआ जब सोमवार सुबह किसी व्यक्ति ने पुलिस कंट्रोल रूम पर फोन कर पूरी जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस को घर के अंदर खून के निशान और हत्या में प्रयुक्त बैट बरामद हुआ। पूछताछ में मकान मालिक सुनील धनगर ने पूरे मामले की जानकारी दी और थाने में तहरीर दी, जिसके आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।

एसपी सिटी पंकज गैरोला ने बताया कि आरोपियों की तलाश जारी है और एक विशेष टीम को बिजनौर भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

सम्बंधित खबरें