वीकेंड ट्रैफिक अलर्ट: हल्द्वानी-काठगोदाम में दो दिन भारी वाहनों पर रोक, पर्यटक रूट बदले

हल्द्वानी। हल्द्वानी-काठगोदाम क्षेत्र में वीकेंड के दौरान बढ़ती पर्यटक भीड़ और जाम की स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने 16 और 17 मई 2026 (शनिवार व रविवार) के लिए विशेष यातायात एवं डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगी, जबकि यात्रा रूटों पर भारी वाहनों की आवाजाही सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।

प्रशासन के अनुसार पर्वतीय क्षेत्रों से हल्द्वानी आने वाले सभी भारी मालवाहक वाहनों को सुबह 8 बजे से रात 9 बजे तक जनपद सीमा पर ही रोका जाएगा। वहीं मैदानी इलाकों से पहाड़ की ओर जाने वाले भारी वाहनों को गोलापार और खेड़ा चौकी क्षेत्र में रोकने की व्यवस्था की गई है।

बरेली रोड से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले पर्यटक वाहन अब तीनपानी फ्लाईओवर से गोलापार रोड होते हुए नारीमन तिराहा काठगोदाम के रास्ते भेजे जाएंगे। रुद्रपुर और पंतनगर की ओर से आने वाले वाहनों को भी वैकल्पिक मार्गों से होकर गुजरना होगा।

रामनगर और बाजपुर से नैनीताल व अन्य पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को कालाढूंगी-नैनीताल तिराहे से मंगोली मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा।इसके अलावा 16 और 17 मई को शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक भवाली मस्जिद तिराहा और नैनीताल से मैदानी क्षेत्रों की ओर आने वाले पर्यटक वाहनों को नंबर-1 बैंड और रूसी बाईपास द्वितीय से डायवर्ट कर रूसी बाईपास प्रथम होते हुए कालाढूंगी मार्ग से भेजा जाएगा।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक प्लान की जानकारी जरूर लें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें, ताकि जाम और असुविधा से बचा जा सके।

सम्बंधित खबरें