
रामगढ़ जनसेवा शिविर में 358 लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ, 25 शिकायतों का मौके पर निस्तारण
कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने जर्जर विद्यालय भवन के दो कक्ष आपदा मद से बनाने के दिए निर्देश, अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के आदेश
रामगढ़। सेवा, सुशासन एवं समर्पण पखवाड़े के तहत विकासखंड रामगढ़ के रामलीला मैदान, गोमतीगैर (सूपी) में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा की अध्यक्षता में बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ 358 लाभार्थियों को प्रदान किया गया, जबकि प्राप्त 27 शिकायतों में से 25 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग ने लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया। आयुर्वेद एवं होम्योपैथी विभाग ने भी लाभार्थियों को मुफ्त औषधियां उपलब्ध कराईं। महिला एवं बाल विकास विभाग ने दो पात्र महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की। कृषि विभाग ने किसानों को 80 प्रतिशत अनुदान पर कृषि टूलकिट उपलब्ध कराने की योजना की जानकारी दी।
कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि सेवा, सुशासन एवं समर्पण पखवाड़े का उद्देश्य सरकार की योजनाओं और सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने कहा कि एक ही स्थान पर सभी विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी से लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान हो रहा है, जिससे आमजन को राहत मिल रही है।

शिविर के दौरान मंत्री कैड़ा ने प्राथमिक विद्यालय पाटा-खपराड़ के जर्जर भवन का मामला गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी नैनीताल को आपदा मद से विद्यालय के दो कक्षों के निर्माण के निर्देश दिए। उपजिलाधिकारी नवाजिश खलिक ने बताया कि आपदा मद से निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उसका गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पारदर्शिता, सुशासन और जनकल्याण के सिद्धांतों पर कार्य करते हुए विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

शिविर में ज्येष्ठ उप प्रमुख पूनम मेहता, उपजिलाधिकारी नवाजिश खलिक, जिला बाल विकास अधिकारी अनुलेखा बिष्ट, खंड विकास अधिकारी शिवम अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।







