
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने खुजेठी-पतलिया-बलना मोटर मार्ग के डामरीकरण कार्य का किया शिलान्यास
भीमताल। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा ब्लॉक में खुजेठी से पतलिया-बलना होते हुए मटियाल तक मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य का शिलान्यास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया। इस कार्य पर 1 करोड़ 24 लाख रुपये की लागत आएगी।
लंबे समय से खराब स्थिति में पड़े इस मोटर मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सड़क की खराब हालत के चलते दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती थी। इसके अलावा, ग्रामीणों को अपने कृषि उत्पाद मंडी तक पहुंचाने में भी दिक्कतें हो रही थीं।

ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर मंत्री राम सिंह कैड़ा से मोटर मार्ग पर डामरीकरण कराने की मांग की थी। ग्रामीणों की समस्याओं को देखते हुए मंत्री ने संबंधित विभाग को सड़क के डामरीकरण, चौड़ीकरण एवं सुधारीकरण कार्य की डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। इसके बाद 1 करोड़ 24 लाख रुपये की स्वीकृति मिलने पर कार्य का शिलान्यास किया गया।
इस मोटर मार्ग पर डामरीकरण एवं सुधारीकरण का कार्य पूरा होने के बाद भीड़ापानी, खुजेठी, मटियाल, जोस्युड़ा, बलना, रौतेलाकोट, पंतोली, पतलिया सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। इससे ग्रामीणों को अपने कृषि उत्पाद मंडी तक पहुंचाने में भी राहत मिलेगी।

शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने फूल-मालाओं एवं ढोल-नगाड़ों के साथ मंत्री राम सिंह कैड़ा का स्वागत किया और सड़क निर्माण कार्य के लिए उनका आभार जताया।
इस अवसर पर मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि उनका प्रयास है कि प्रत्येक गांव को सड़क सुविधा से जोड़ा जाए और खराब मोटर मार्गों पर डामरीकरण कराया जाए। इस दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को फोन कर समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।
इस दौरान मंडल अध्यक्ष नरेश नयाल, देवेंद्र चौसाली, प्रताप पड़ियार, मनोज मोहना, महेंद्र धोनी, गणेश मेलकानी, भवान चौहान, लाल सिंह, किशन सिंह, विपिन चंद्र, रमेश सिंह, रमेश चंद्र, अर्जुन सिंह बर्गली सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।











