
मंत्री कैड़ा के प्रयास से कैड़ागांव हाईस्कूल का इंटरमीडिएट में उच्चीकरण, ग्रामीणों ने जताया आभार
भीमताल। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा ब्लॉक स्थित ग्राम सभा कैड़ागांव कुकना के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग आखिरकार पूरी हो गई। कैड़ागांव स्थित हाईस्कूल का इंटरमीडिएट स्तर तक उच्चीकरण कर दिया गया है। इसका उद्घाटन मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया।
ग्रामीण लंबे समय से विद्यालय के उच्चीकरण की मांग कर रहे थे। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के लिए क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को करीब 15 किलोमीटर दूर दूसरे विद्यालयों का रुख करना पड़ता था। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण विद्यार्थियों, खासकर छात्राओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था और कई बच्चे आगे की पढ़ाई से वंचित भी रह जाते थे।

ग्रामीणों ने अपनी इस समस्या को मंत्री राम सिंह कैड़ा के सामने रखा था। मंत्री कैड़ा ने विद्यालय के उच्चीकरण के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष मांग रखी। जिसके बाद कैड़ागांव हाईस्कूल का इंटरमीडिएट स्तर तक उच्चीकरण किया गया। विद्यालय में अब कक्षा 11वीं में छात्र-छात्राओं के प्रवेश के साथ पढ़ाई भी शुरू हो गई है।
विद्यालय के उच्चीकरण के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया और उनका आभार जताया।
इस दौरान मंत्री कैड़ा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और शिक्षा मंत्री का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और उनका प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को उनके घर के नजदीक ही बेहतर शिक्षा की सुविधा मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री कैड़ा ने बहुउद्देशीय शिविर का भी आयोजन किया, जिसमें उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर विभिन्न समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया। कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो। इसी उद्देश्य से न्याय पंचायत स्तर पर बहुउद्देशीय शिविर आयोजित कर लोगों को सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ दिलाया जा रहा है।









