
भीमताल-ढूंगशील मोटर मार्ग के डामरीकरण को 72.36 लाख रुपये स्वीकृत, जल्द शुरू होगा कार्य
भीमताल। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के भीमताल ब्लॉक में भीमताल से ढूंगशील जाने वाले मोटर मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण के लिए शासन से 72 लाख 36 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत हो गई है। इस संबंध में शासनादेश भी जारी कर दिया गया है। बरसात के बाद सड़क पर डामरीकरण और सुधारीकरण का कार्य शुरू किया जाएगा।
भीमताल-ढूंगशील मोटर मार्ग लंबे समय से खराब स्थिति में था। सड़क की हालत खराब होने के कारण ग्रामीणों, किसानों और पर्यटकों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। विशेषकर बरसात के दौरान मार्ग की स्थिति और खराब हो जाने से ग्रामीणों की दिक्कतें बढ़ जाती थीं।
क्षेत्रवासियों ने मोटर मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण की मांग मंत्री राम सिंह कैड़ा के समक्ष रखी थी। ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मंत्री कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सड़क की डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे।
मंत्री कैड़ा के प्रयासों के बाद भीमताल से ढूंगशील मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण के लिए 72 लाख 36 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। शासनादेश जारी होने के बाद मंत्री ने अधिकारियों को जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं, ताकि बरसात समाप्त होते ही सड़क का कार्य शुरू कराया जा सके।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक में क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों के सुधारीकरण और डामरीकरण का कार्य लगातार कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराना और जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार कार्य कर रही है। मंत्री कैड़ा ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
सड़क के सुधारीकरण और डामरीकरण के लिए धनराशि स्वीकृत होने पर क्षेत्रीय ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का आभार व्यक्त किया है।









