बेरीनाग में जनहित की मांगों को लेकर क्रमिक अनशन तेज, कांग्रेस नेताओं ने दिया समर्थन

बेरीनाग। शहीद चौक, बेरीनाग में क्षेत्र की तीन प्रमुख जनहित की मांगों को लेकर चल रहे क्रमिक अनशन और शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन को शुक्रवार को उस समय और मजबूती मिली, जब कांग्रेस नेता खजान चन्द्र ‘गुड्डू’ आंदोलन स्थल पर पहुंचे और आंदोलनकारियों को अपना समर्थन दिया।

इस दौरान उन्होंने आंदोलनकारियों से विस्तृत चर्चा कर उनकी समस्याओं को सुना। साथ ही जिलाधिकारी से दूरभाष पर वार्ता कर जनहित से जुड़ी मांगों पर शीघ्र, सकारात्मक एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

धरने में प्रमुख रूप से बेरीनाग महाविद्यालय रोड के शीघ्र निर्माण एवं सुधारीकरण, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बेरीनाग को उपजिला अस्पताल (एसडीएच) में उच्चीकृत करने तथा बेरीनाग महाविद्यालय के खेल मैदान को आधुनिक मिनी स्टेडियम के रूप में विकसित करने की मांग उठाई गई।

खजान चन्द्र ‘गुड्डू’ ने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति या संगठन का नहीं, बल्कि बेरीनाग के विकास, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य से जुड़ा जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने इन न्यायोचित मांगों पर शीघ्र ठोस और समयबद्ध कार्रवाई नहीं की, तो जनता के सहयोग से आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

इस अवसर पर बेरीनाग ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मनोज सानी, नगर कांग्रेस अध्यक्ष अमित पाठक, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कनालीछीना-डीडीहाट के अध्यक्ष कमल दीप सिंह सहित कांग्रेस के विभिन्न फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

सम्बंधित खबरें