बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर में 510 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ, 107 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

धारी (नैनीताल)। जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर में कुल 510 लाभार्थियों को विभिन्न विभागीय योजनाओं से लाभान्वित किया गया। शिविर के दौरान 148 शिकायतें एवं समस्याएं प्राप्त हुईं, जिनमें से 107 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, मंत्री कैड़ा ने शेष मामलों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

शिविर में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा 202 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। आयुर्वेद विभाग ने 80 तथा होम्योपैथी विभाग ने 44 लाभार्थियों को निःशुल्क औषधियां उपलब्ध कराईं। मंत्री कैड़ा ने महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से 8 पात्र महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की गई।

कृषि विभाग ने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए 80 प्रतिशत अनुदान पर कृषि टूलकिट उपलब्ध कराने की जानकारी दी। इस योजना के कुल 11 किसानों का चयन किया गया है। विभाग ने किसानों से विभागीय योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने तथा फार्मर रजिस्ट्री कराने की अपील की।

शिविर में किसानों ने जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए तारबाड़ एवं सोलर फेंसिंग की मांग उठाई। इस पर अधिकारीयों ने बताया कि जिले के प्रत्येक विकासखंड में प्रथम चरण में 5 गांवों का चयन कर तारबाड़, सोलर फेंसिंग एवं सोलर लाइटिंग का कार्य कराया जाएगा। मंत्री कैड़ा ने संबंधित खंड विकास अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय कर प्रस्ताव शीघ्र भेजने के निर्देश दिए।

मंत्री कैड़ा ने कहा कि क्षेत्र कृषि, उद्यान एवं पशुपालन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। संबंधित विभाग किसानों के बीच जाकर उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाएं तथा बकरी पालन एवं गोट वैली की अवधारणा को बढ़ावा दें। उन्होंने कृषि, उद्यान एवं पशुपालन विभाग के अधिकारियों को फील्ड स्तर पर सक्रिय होकर किसानों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा ऐसे शिविर आयोजित करने का उद्देश्य विभागों को सीधे जनता तक पहुंचाकर योजनाओं की जानकारी एवं लाभ उपलब्ध कराना है। मंत्री ने कहा कि हरेला पर्व से लेेकर पूरे मानसून तक किसानों के साथ समन्वय बनाकर उन्हें वहीं पौधे वितरण करें जिससे उनकी आय में वृद्धि हो सके।

मंत्री कैड़ा ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की जानकारी देते हुए बताया कि पात्र किसानों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये तीन किस्तों में सीधे बैंक खाते में दिए जाते हैं। कृषि अधिकारी ने किसानों से ई-केवाईसी, भू-अभिलेखों का पोर्टल पर अंकन तथा बैंक खाते को आधार से लिंक कराने की अपील की। मुख्य उद्यान अधिकारी प्रेमा राणा ने भी विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

शिविर के दौरान कूड़ा उठान की समस्या, आवारा गोवंश एवं जंगली जानवरों से फसलों को होने वाले नुकसान के मुद्दे भी उठाए गए, जिन पर संबंधित विभागों ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री कैड़ा ने ओलावृष्टि से हुई फसल क्षति का संयुक्त सर्वे कर पात्र किसानों को शीघ्र मुआवजा वितरण के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम को प्रत्येक गांव में जाकर नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए। साथ ही श्रम विभाग को भीमताल क्षेत्र के विभिन्न गांवों में छात्रवृत्ति पंजीकरण शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खाद्य विभाग राशन कार्ड से सम्बंधित जो भी समस्या उन्पन हो रही है शिविर के माध्यम से जिसमे लेटी बूगा, पोखरी, सुनकिया तथा खुड गांव में शिविर लगाया जाने के निर्देश दिए।

शिविर में च्यूरीगाड़ जूनियर हाई स्कूल के एक अध्यापक के स्थानांतरण का मामला भी उठाया गया। इस पर मंत्री राम सिंह कैड़ा ने तत्काल मुख्य शिक्षा अधिकारी से दूरभाष पर वार्ता कर विद्यालय में शैक्षणिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित अध्यापक की पुनः तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंत्री कैड़ा के निर्देश के उपरान्त तत्काल 2 शिक्षको की नियुक्ति कर दी गई है!

मंत्री कैड़ा ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अंतर्गत भेजे गए 32 सड़क प्रस्तावों में से 17 प्रस्तावों को शासन से स्वीकृति मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि बरसात समाप्त होते ही स्वीकृत सड़कों पर निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा तथा अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

शिविर में बालिका विद्यालय लेटीबूंगा की ओर से छात्राओं की सुरक्षा के लिए विद्यालय में पीआरडी जवान अथवा होमगार्ड की तैनाती की मांग भी उठाई गई, जिस पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में पंजीकृत सांस्कृतिक दल रिमझिम कर्माचल, नैनीताल द्वारा लोकगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी प्रचार-प्रसार कर लोगों को जागरूक किया गया।

इस अवसर पर क्षेत्र प्रमुख धारी भावना आर्या, ज्येष्ठ उप प्रमुख नंदाबल्लभ, कनिष्ठ उप प्रमुख गीता बिष्ट, जिला पंचायत सदस्य रेखा देवी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे, उपजिलाधिकारी धारी अनुराग आर्या, एपीडी चंद्रा फर्त्याल, मुख्य कृषि अधिकारी संतोषी, मुख्य उद्यान अधिकारी प्रेमा राणा, मंडल अध्यक्ष कृष्ण चंद्र, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश चंद्र, संजय नयाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad

सम्बंधित खबरें