बनभूलपुरा दंगा में महिला कांस्टेबल को बचाने वाले परिवार को मिल रही धमकी, ये है मामला

हल्द्वानी। फरवरी माह में बनभूलपुरा में हुए दंगों के दौरान एक महिला कांस्टेबल को बचाने वाले परिवार को अब कुछ लोग धमकियां दे रहे हैं। परिवार को जान से मारने की धमकी मिल रही है। आरोप है कि महिला कांस्टेबल को बचाने के कारण उनके पड़ोसी नाराज हो गए हैं और उनका उत्पीड़न कर रहे हैं।

बनभूलपुरा क्षेत्र के वार्ड नंबर 31 स्थित नई बस्ती ठोकर निवासी मेहरीन, पत्नी आबिद अहमद, ने मंगलवार को सीओ नितिन लोहनी से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि 6 फरवरी को बनभूलपुरा में हुए दंगों के दौरान कुछ लोग एक महिला कांस्टेबल के साथ मारपीट करने पर उतारू थे। तब उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना महिला कांस्टेबल को अपने घर में छुपाकर उसकी जान बचाई। इस बहादुरी को सराहा भी गया था, लेकिन यह बात उनके पड़ोस के कुछ लोगों को पसंद नहीं आई। मेहरीन का आरोप है कि अब वे लोग उन्हें और उनके परिवार को परेशान कर रहे हैं। उनका पड़ोसी परिवार उन्हें गालियां दे रहा है और धमकी दे रहा है कि उन्होंने पुलिसकर्मी को बचाकर गलती की, और अब उनका अंत कर दिया जाएगा।

आबिद अहमद ने बताया कि उनकी बेटी के साथ भी मारपीट की गई है, और उनके मोहल्ले में कुछ लोग चाहते हैं कि वे घर छोड़कर चले जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग इस घटना को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि शहर का माहौल बिगड़ा जा सके। सीओ नितिन लोहनी ने मामले पर ध्यान देते हुए आश्वासन दिया कि उचित कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद मेहरीन ने इस घटना की सूचना थाना बनभूलपुरा में भी दी है, ताकि इस पर कार्रवाई की जा सके।

ADVERTISEMENTS Ad

सम्बंधित खबरें