नहर सफाई के दौरान बड़ा हादसा, मलबे में दबे दो मजदूर – घंटों की मशक्कत के बाद निकाले गए सुरक्षित

कालाढूंगी/कोटाबाग। आज कालाढूंगी ब्लॉक के बागजाला स्थित अपरकोटा नहर की सफाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। अचानक पहाड़ से गिरे मलबे ने चार मजदूरों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर हल्द्वानी रेफर किया गया।

घटना ग्राम गौतियां के पास हुई। नहर की सफाई कर रहे मजदूरों में से बालम सिंह निवासी नाथूजाला और अरुण सिंह निवासी दौलतपुर, बाजपुर किसी तरह सुरक्षित निकल आए। लेकिन बन्नाखेड़ा निवासी विशेष (18) पुत्र गुमान सिंह और गौरव सिंह (18) पुत्र फूल सिंह मलबे में दब गए।

इस दौरान पहाड़ से दोबारा मलबा खिसकने पर गौरव पूरी तरह दब गया, जबकि विशेष का शरीर कंधे तक दब गया। मौके पर मौजूद बालम सिंह ने हिम्मत दिखाते हुए हाथों से मिट्टी हटाकर गौरव को निकालने का प्रयास किया और ग्रामीणों को सूचना दी। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला गया।

घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोटाबाग ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हड्डी टूटने और नस दबने की आशंका को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया।

ADVERTISEMENTS Ad

सम्बंधित खबरें