
छोटा कैलाश मंदिर के सौंदर्यीकरण और पुनर्निर्माण कार्य का शुभारंभ, 2.65 करोड़ रुपये होंगे खर्च
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया निर्माण कार्य का शुभारंभ, ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और फूलमालाओं से किया भव्य स्वागत
भीमताल। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के पिनरौ स्थित प्रसिद्ध छोटा कैलाश मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत मंदिर के विकास के लिए 2 करोड़ 65 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इस परियोजना के तहत एक करोड़ रुपये की धनराशि जारी भी कर दी गई है।

शनिवार को कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने छोटा कैलाश मंदिर परिसर में पहुंचकर सौंदर्यीकरण एवं पुनर्निर्माण कार्यों का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान क्षेत्र के ग्रामीणों ने मंत्री का ढोल-नगाड़ों और फूलमालाओं से भव्य स्वागत किया और मंदिर को मानसखंड मंदिर माला मिशन में शामिल कराने के लिए उनका आभार जताया।
पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित होगा छोटा कैलाश
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से छोटा कैलाश मंदिर को विकसित करने की मांग की थी। उनकी मांग पर मानसखंड मंदिर माला मिशन के अंतर्गत मंदिर को पर्यटन के प्रमुख आकर्षण के रूप में विकसित करने की दिशा में यह पहल शुरू हुई है।

परियोजना की कुल लागत 2.65 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है, जबकि प्रथम चरण में एक करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। निर्माण कार्य के लिए कुमाऊं मंडल विकास निगम (केएमवीएन) को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुधारा जाएगा पैदल मार्ग
मंत्री कैड़ा ने कहा कि छोटा कैलाश मंदिर में महाशिवरात्रि के अवसर पर प्रतिवर्ष भव्य मेले का आयोजन होता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। उन्होंने बताया कि महाशिवरात्रि के दौरान यहां एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। मंदिर तक पहुंचने वाला पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त होने के कारण श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

परियोजना के तहत मंदिर तक जाने वाले रास्तों को दुरुस्त किया जाएगा। मंदिर परिसर में पारंपरिक शैली का प्रवेश द्वार और रेलिंग बनाई जाएगी। मंदिर के पीछे स्थित धर्मशाला को भी दुरुस्त किया जाएगा। इसके अलावा मंदिर परिसर की दीवारों का सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा।
घोड़ाखाल में भी होगा सौंदर्यीकरण
मंत्री ने बताया कि आस्था के प्रमुख केंद्र घोड़ाखाल मंदिर में भी सौंदर्यीकरण के कार्य प्रस्तावित हैं। सरकार का उद्देश्य धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें पर्यटन की दृष्टि से विकसित करना है।

छोटा कैलाश मंदिर को मानसखंड मंदिर माला मिशन में शामिल किए जाने पर क्षेत्र के लोगों में उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का ढोल-नगाड़ों और फूलमालाओं के साथ स्वागत कर विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया।









