छात्र की आंख में पेन घोंपने का मामला गरमाया, परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लगाए गंभीर आरोप

उधमसिंह नगर के खटीमा स्थित एक प्रतिष्ठित स्कूल में छात्र की आंख में पेन घोंपने की घटना तूल पकड़ चुकी है। मंगलवार को पीड़ित छात्र मिहीर राणा के परिजन आक्रोशित होकर कोतवाली पहुंचे और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज करने की मांग करते हुए जमकर हंगामा किया। इस दौरान बड़ी संख्या में समर्थक भी थाने में जुटे।

परिजनों के आरोप

परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने समय पर उन्हें सूचना नहीं दी, बल्कि बच्चे को इधर-उधर भटकाते रहे। जब स्थानीय डॉक्टरों ने इलाज से मना कर दिया और बड़े अस्पताल भेजने की सलाह दी, तब जाकर जानकारी दी गई।
छात्र की मां ममता देवी ने आरोप लगाया कि इलाज के दौरान स्कूल प्रबंधन ने उन्हें बीच रास्ते में छोड़ दिया और उनके साथ अभद्र व्यवहार भी किया। कई बार गुहार लगाने के बावजूद बच्चे का उचित इलाज नहीं कराया गया।

स्कूल प्रबंधन का पक्ष

वहीं, स्कूल प्रबंधन ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि छात्र का इलाज एम्स समेत बड़े अस्पतालों में कराया जा रहा है और हर संभव मदद दी गई है।

थाने में हंगामा और समझौते की शर्तें

कोतवाली में बाजार चौकी इंचार्ज पंकज महर और एसआई पंकज पंत की मौजूदगी में परिजनों और स्कूल प्रबंधन के बीच घंटों वार्ता चली। परिजनों ने लिखित समझौते की शर्त रखते हुए मांग की—

छात्र का पूरा इलाज और जरूरत पड़ने पर आंख का प्रत्यारोपण स्कूल के खर्च पर हो,

इलाज से जुड़ा हर खर्च स्कूल वहन करे,

और बच्चे की पूरी पढ़ाई का खर्च भी स्कूल उठाए।

स्कूल प्रबंधन ने इस पर बुधवार तक जवाब देने का आश्वासन दिया।

कड़ा रुख अपनाने की चेतावनी

राणा थारू परिषद के अध्यक्ष दान सिंह राणा ने कहा कि यदि स्कूल प्रशासन ने उचित निर्णय नहीं लिया, तो वे एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मामला बच्चे के भविष्य और जीवन से जुड़ा है, इसलिए इसे हल्के में नहीं लिया जा सकता।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

सम्बंधित खबरें