
चंपावत को सीएम धामी की 124 करोड़ की सौगात, बोले- विकास की राह पर मॉडल जिला बनेगा चंपावत
चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चंपावत में आयोजित मुख्य संवाद एवं भूमि पूजन कार्यक्रम में 124 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 17 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपावत उनके लिए केवल विधानसभा क्षेत्र नहीं बल्कि कर्मभूमि और परिवार जैसा है। यहां का अपनापन उन्हें नई ऊर्जा देता है और आज का दिन चंपावत के इतिहास में विकास के नए अध्याय की शुरुआत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य चंपावत को उत्तराखंड के आदर्श जिले के रूप में विकसित करना है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और पर्यटन क्षेत्र में लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में एमआरआई सुविधा शुरू होने से अब लोगों को गंभीर जांच के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। इसके साथ ही 50 करोड़ रुपये की लागत से क्रिटिकल केयर यूनिट का लोकार्पण किया गया है, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी।
सीएम धामी ने कहा कि रोडवेज परिसर में 62 करोड़ रुपये से बनने वाले अत्याधुनिक सिटी सेंटर, कॉर्बेट ट्रेल समेत कई योजनाएं रोजगार और व्यापार के नए अवसर पैदा करेंगी। उन्होंने कहा कि आदि कैलाश यात्रा के चलते क्षेत्र में पर्यटन बढ़ा है और होटल व होम स्टे की मांग बढ़ी है। आने वाले समय में चंपावत पर्यटन और रोजगार के क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार आने वाली पीढ़ियों को ध्यान में रखकर योजनाएं बना रही है। ड्राई पोर्ट, साइंस सेंटर, एडवेंचर पार्क, महिला स्पोर्ट्स कॉलेज और सिंथेटिक ट्रैक जैसी परियोजनाएं युवाओं और बेटियों के भविष्य को मजबूत करेंगी।
उन्होंने कहा कि चंपावत को आदर्श जिला बनाने का संकल्प केवल राजनीतिक वादा नहीं बल्कि उनका सपना है। हर गांव और हर क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि नकल विरोधी कानून और अन्य फैसलों से युवाओं को लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि सरकार वोट बैंक की राजनीति नहीं बल्कि उत्तराखंड के भविष्य को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, पालिकाध्यक्ष प्रेमा पांडेय सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।









