खाड़ी युद्ध की मार: पेट्रोल-डीजल फिर महंगा, हल्द्वानी में सामान्य पेट्रोल खत्म, लोगों पर बढ़ा दोहरा बोझ

हल्द्वानी। खाड़ी देशों में जारी युद्ध के बीच वैश्विक ईंधन संकट का असर अब आम जनता की जेब पर साफ दिखाई देने लगा है। देर रात पेट्रोल और डीजल के दामों में तीन-तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी गई, जिसके बाद लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।

इधर, हल्द्वानी में स्थिति और गंभीर हो गई है। शहर के कई पेट्रोल पंपों पर सामान्य पेट्रोल खत्म हो चुका है और फिलहाल सिर्फ स्पीड पेट्रोल की बिक्री की जा रही है। डीएम आवास के सामने स्थित हरबंस पेट्रोल पंप पर सामान्य पेट्रोल पूरी तरह समाप्त हो गया है, जिससे वाहन चालकों को मजबूरी में महंगा स्पीड पेट्रोल खरीदना पड़ रहा है।

सामान्य पेट्रोल और स्पीड पेट्रोल के बीच करीब 8 रुपये प्रति लीटर का अंतर होने से लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। पेट्रोल पंप कर्मचारियों के मुताबिक, मांग के अनुरूप सप्लाई नहीं पहुंच पा रही है, जिसके चलते यह स्थिति बनी हुई है। उनका कहना है कि पहले की तुलना में ईंधन आपूर्ति अभी भी सामान्य नहीं हो सकी है।

पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के साथ-साथ सप्लाई संकट ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ने की आशंका भी जताई जा रही है।

सम्बंधित खबरें