उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की बड़ी पहल – अब हिंदी में भी वेबसाइट, छात्रों को मातृभाषा में ऑनलाइन सेवाएं

देहरादून। हिंदी दिवस से पूर्व उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय ने डिजिटल शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ा कदम उठाते हुए अपनी आधिकारिक वेबसाइट का हिंदी संस्करण लॉन्च कर दिया है। 12 सितंबर को विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित विशेष व्याख्यान कार्यक्रम में कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने वेबसाइट के हिंदी संस्करण का औपचारिक शुभारंभ किया।

कुलपति प्रो. लोहनी ने कहा कि विश्वविद्यालय का मूल उद्देश्य शिक्षार्थी केंद्रित शिक्षा उपलब्ध कराना है। हिंदी में वेबसाइट उपलब्ध होने से अब हर विद्यार्थी बिना भाषा की बाधा के विश्वविद्यालय की सेवाओं और सूचनाओं तक आसानी से पहुंच सकेगा।

उन्होंने बताया कि वेबसाइट को दो चरणों में पूरी तरह हिंदी में उपलब्ध कराया जाएगा।

प्रथम चरण में होम पेज, प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी प्रमुख जानकारी और विश्वविद्यालय से संबंधित मुख्य निर्देश हिंदी में कर दिए गए हैं।

द्वितीय चरण में प्रवेश, परीक्षा आवेदन, परिणाम, प्रमाणपत्र और छात्र सहायता सेवाओं सहित सभी आंतरिक प्रक्रियाएं भी हिंदी में उपलब्ध कराई जाएंगी।

इससे वेबसाइट अब द्विभाषी स्वरूप में छात्रों के लिए उपलब्ध होगी और वे अपनी सुविधा अनुसार हिंदी या अंग्रेजी का चयन कर सकेंगे।

कुलपति ने कहा कि यह पहल डिजिटलाइजेशन को नई गति देगी और दूरस्थ व ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों को विशेष लाभ मिलेगा। यह कदम शिक्षा में समान अवसर सुनिश्चित करने और ‘शिक्षार्थी केंद्रित’ शिक्षा व्यवस्था को व्यवहारिक रूप देने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

कार्यक्रम में मानविकी विद्याशाखा के निदेशक प्रो. गिरिजा पाण्डेय, हिंदी विभाग के समन्वयक डॉ. शशांक शुक्ल, डॉ. अनिल कार्की, डॉ. राजेंद्र कैड़ा, निदेशक अकादमिक प्रो. पी डी पंत, कुलसचिव डॉ. खेमराज भट्ट सहित विश्वविद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad

सम्बंधित खबरें