उत्तराखंड के युवाओं के लिए बड़ी सौगात, अब प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी होगी निशुल्क ऑनलाइन

देहरादून। उत्तराखंड सरकार प्रदेश के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा देने जा रही है। इसके लिए सरकार जल्द ही मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना शुरू करने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी योजना का शुभारंभ करेंगे।

योजना का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन, बेहतर अध्ययन सामग्री और ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराना है। योजना का लाभ प्रदेश के विश्वविद्यालयों और सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को मिलेगा।

UPSC से लेकर बैंकिंग और रेलवे परीक्षाओं की तैयारी

मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना के तहत विद्यार्थियों को सिविल सेवा परीक्षा (UPSC और PCS), रक्षा सेवाओं की CDS परीक्षा, बैंकिंग, रेलवे और SSC समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी।

इसके अलावा उच्च शिक्षा एवं प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी। इनमें CAT, MAT, GATE, NET और CSIR-NET जैसी परीक्षाएं शामिल हैं।

कैबिनेट में हो चुका है विचार-विमर्श

योजना को लेकर ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में आयोजित विधानसभा सत्र के दौरान हुई कैबिनेट बैठक में विचार-विमर्श किया गया था। अब सरकार इस योजना को जल्द धरातल पर उतारने की तैयारी में है।

योजना के लागू होने से प्रदेश के विद्यार्थियों को महंगी प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग से राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही, दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले युवाओं को भी घर बैठे गुणवत्तापूर्ण तैयारी का अवसर मिल सकेगा।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

सम्बंधित खबरें