
अगले महीने सजना था सेहरा, कालाढूंगी में हादसे ने छीन ली फायरमैन की जिंदगी
अज्ञात वाहन की टक्कर से भीमताल फायर स्टेशन में तैनात जगजीत सिंह की मौके पर मौत, शादी की खुशियां मातम में बदली
नैनीताल। कालाढूंगी थाना क्षेत्र के चकुलावा के पास देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में भीमताल फायर स्टेशन में तैनात फायरमैन जगजीत सिंह की मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बुलेट सवार जगजीत सिंह को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार घटना देर रात करीब 11 बजे की है। जगजीत सिंह ड्यूटी खत्म करने के बाद बुलेट से अपने घर केलाखेड़ा (बजवाला), उधम सिंह नगर जा रहे थे। इसी दौरान चकुलावा के पास अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर हल्द्वानी मोर्चरी भेज दिया। पुलिस फरार वाहन चालक की तलाश में जुटी है।
अगले महीने थी शादी, घर में छाया मातम
जगजीत सिंह वर्ष 2007 में फायर सर्विस में भर्ती हुए थे। वह दो भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटे थे। उनकी सगाई हो चुकी थी और अगले महीने ही शादी होने वाली थी। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन हादसे की खबर मिलते ही खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया जा रहा है कि जगजीत सिंह के पिता की तबीयत खराब थी, जिसके चलते उन्होंने बेटे को घर बुलाया था। लेकिन घर पहुंचने से पहले ही काल ने उन्हें अपने आगोश में ले लिया।
मोर्चरी पहुंचे परिजन, एसएसपी ने दिया कार्रवाई का भरोसा
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में लोग हल्द्वानी मोर्चरी पहुंचे। नैनीताल एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने भी मौके पर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने मामले में निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश कर रही है।








