केदारनाथ हेली सेवा महंगी : अब श्रद्धालुओं को चुकाने होंगे 45% तक ज्यादा किराए

देहरादून। बाबा केदारनाथ धाम के दर्शन के लिए हवाई सफर अब श्रद्धालुओं की जेब पर और भारी पड़ने वाला है। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) ने हेली सेवा के किराए में 45.86% तक की बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें 15 सितंबर से लागू होंगी।

इस साल 2 मई को शुरू हुई हेली सेवा उत्तरकाशी और केदार घाटी में हुए हेलिकॉप्टर हादसों के बाद रोक दी गई थी। अब सेवा का दूसरा चरण 15 सितंबर से शुरू होगा, जबकि बुकिंग 10 सितंबर से आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर खुलेगी।

हेली सेवाओं की सुरक्षा और संचालन मानकों को पुख्ता करने के लिए गृह सचिव शैलेष बगौली की अध्यक्षता में 10 सदस्यीय समिति ने नई एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया) तैयार की है। इन्हीं दिशा-निर्देशों के तहत उड़ानें संचालित होंगी।

यूकाडा के सीईओ आशीष चौहान ने बताया कि गुप्तकाशी, फाटा और सिरसी से सीमित उड़ानों और सीटों की वजह से किराया बढ़ाना पड़ा है।

नई किराया दरें (रुपये में) –

गुप्तकाशी–केदारनाथ : पहले ₹8,532, अब ₹12,444

फाटा–केदारनाथ : पहले ₹6,062, अब ₹8,842

सिरसी–केदारनाथ : पहले ₹6,060, अब ₹8,839

अब आम श्रद्धालुओं के लिए केदारनाथ का हवाई सफर पहले से करीब आधा महंगा हो गया है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

सम्बंधित खबरें