हल्द्वानी की पहचान से जुड़ा है हल्दू का ऐतिहासिक पेड़, सदियों से समेटे है इतिहास और आस्था की विरासत

हल्दू के पेड़ों के नाम पर पड़े मोटाहल्दू और हल्दूचौड़ जैसे क्षेत्रों के नाम, आज भी जग्गी बंगर में विशालकाय पेड़ बना हुआ है आकर्षण का केंद्र

हल्द्वानी। हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों की पहचान हल्दू के पेड़ों से गहराई से जुड़ी हुई है। कभी इस इलाके में बड़ी संख्या में मौजूद रहे हल्दू के पेड़ न केवल प्राकृतिक संपदा का हिस्सा थे, बल्कि क्षेत्र के नामकरण और ऐतिहासिक पहचान के भी आधार बने। जानकारों के अनुसार, हल्दू के मोटे पेड़ों के कारण मोटाहल्दू और चौड़े क्षेत्र में फैले पेड़ों के चलते हल्दूचौड़ नाम प्रचलन में आया। समय के साथ इन पेड़ों की संख्या काफी कम हो गई, लेकिन कुछ पुराने पेड़ आज भी क्षेत्र की ऐतिहासिक विरासत की गवाही दे रहे हैं।

हल्दूचौड़ के जग्गी बंगर में स्थित एक विशालकाय हल्दू का पेड़ आज भी लोगों के आकर्षण का केंद्र है। इस पेड़ को लेकर स्थानीय लोगों में कई तरह की मान्यताएं और ऐतिहासिक जानकारियां प्रचलित हैं। कुमाऊं मंडल विकास निगम के पर्यटन मानचित्र में भी हल्दू के इन पेड़ों का उल्लेख मिलता है। डॉ. चंद्र बल्लभ चौनाल के अनुसार, जब इस क्षेत्र में बस्ती बसनी शुरू हुई थी, तब स्थानीय लोग इस पेड़ को पहचान के प्रमुख निशान यानी लैंडमार्क के रूप में इस्तेमाल करते थे। हालांकि पेड़ की वास्तविक आयु का कोई प्रमाणिक रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है, लेकिन क्षेत्र के बुजुर्ग बताते हैं कि वे बचपन से ही इसे इसी विशाल स्वरूप में देखते आ रहे हैं।

मंजुल चौनाल बताते हैं कि करीब तीन दशक पहले इस पेड़ पर गिद्धों का बसेरा हुआ करता था, लेकिन अब ये पक्षी यहां लगभग दिखाई नहीं देते। वर्तमान में उल्लू और तोते इस पेड़ पर अपना आशियाना बनाए हुए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, विशेष अवसरों पर पेड़ के नीचे विशालकाय सर्प दिखाई देने की बातें भी सामने आती रही हैं।

इस ऐतिहासिक पेड़ का महत्व केवल पर्यावरण और इतिहास तक सीमित नहीं है, बल्कि धार्मिक आस्था से भी जुड़ा हुआ है। पेड़ के नीचे कालिका माता और गुरु गोरखनाथ के मंदिर स्थापित हैं। स्थानीय लोगों के बीच इन मंदिरों को लेकर गहरी श्रद्धा है। मंजुल चौनाल के अनुसार, यहां स्थित मंदिर को फलदायी माना जाता है और इससे जुड़ी कई मान्यताएं क्षेत्र में प्रचलित हैं। उन्होंने बताया कि एक समय यहां किराये पर रहने वाले शिक्षक दंपती का तबादला नहीं हो पा रहा था। ऐसे में उनके बेटे ने मंदिर में मनौती मांगी कि माता-पिता का तबादला होने पर वह एक सिक्का चढ़ाएगा। मान्यता है कि उसकी प्रार्थना पूरी हुई और तबादला होने के बाद बच्चे ने मंदिर में सिक्का चढ़ाया।

ललित मोहन चौनाल के अनुसार, कालिका माता की प्रतिमा कोलकाता से एक महिला के शरीर में अवतरित होकर यहां लाई गई थी। वहीं गुरु गोरखनाथ को मुक्तेश्वर के पास स्थित सूंड क्षेत्र से यहां लाया गया था। यही वजह है कि इस स्थान का धार्मिक महत्व भी स्थानीय लोगों के बीच विशेष बना हुआ है।

हल्दू का एक अन्य पुराना पेड़ कठघरिया के पास पनियाली क्षेत्र में भी मौजूद है। नरेंद्र सिंह बिष्ट बताते हैं कि यह पेड़ भी काफी पुराना है। क्षेत्र के बुजुर्गों के अनुसार, उन्होंने इसे बचपन से ही इसी विशाल स्वरूप में देखा है।

हल्दू के ये विशालकाय पेड़ केवल प्राकृतिक धरोहर नहीं, बल्कि हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों के इतिहास, सांस्कृतिक पहचान और धार्मिक आस्था से जुड़ी अनमोल विरासत हैं। समय के साथ इनकी संख्या लगातार कम होती जा रही है। ऐसे में जरूरत है कि इन ऐतिहासिक पेड़ों को संरक्षित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी हल्द्वानी की पहचान से जुड़े इस अनमोल इतिहास को करीब से जान सकें।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

सम्बंधित खबरें