
आंचल दूध-पनीर हुआ महंगा, 20 नवंबर से लागू होंगी नई दरें
लालकुआं। महंगाई का असर अब आंचल के दूध और दुग्ध उत्पादों पर भी पड़ने जा रहा है। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड ने आंचल ब्रांड के दूध, पनीर और क्रीम समेत विभिन्न उत्पादों की नई मूल्य सूची जारी कर दी है। संशोधित कीमतें 20 नवंबर 2026 से लागू होंगी। नई दरों के तहत उत्पादों की कीमतों में 2 रुपये से लेकर 50 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है।
दुग्ध संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा ने बताया कि नई मूल्य सूची जारी कर दी गई है। इसके अनुसार आंचल क्रीम के एक किलोग्राम पैक की कीमत में सबसे अधिक 50 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। अब इसकी कीमत 530 रुपये के बजाय 580 रुपये होगी। वहीं आंचल गोल्ड फुल क्रीम मिल्क के 6 लीटर पैक की कीमत 426 रुपये से बढ़ाकर 450 रुपये और आंचल शक्ति स्टैंडर्ड मिल्क के 6 लीटर पैक की कीमत 355 रुपये से बढ़ाकर 372 रुपये कर दी गई है।
इसके अलावा आंचल गाय का दूध अब 58 रुपये के बजाय 60 रुपये प्रति लीटर, शक्ति स्टैंडर्ड मिल्क 60 रुपये के बजाय 63 रुपये और डबल टोंड मिल्क 54 रुपये के बजाय 56 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। वहीं आंचल पनीर के 180 ग्राम पैक की कीमत 80 रुपये से बढ़ाकर 85 रुपये निर्धारित की गई है।
गौरतलब है कि इससे पहले 12 नवंबर को अमूल, मदर डेयरी समेत अन्य दुग्ध कंपनियों ने भी दूध और दुग्ध उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी की थी। अब आंचल की नई मूल्य सूची जारी होने के बाद 20 नवंबर से उपभोक्ताओं को दूध और अन्य उत्पाद खरीदने के लिए अधिक कीमत चुकानी होगी।











