नैनीताल के नए SSP अर्पण यदुवंशी ने संभाली कमान, देर रात तक ली अधिकारियों की क्लास; पुलिस मैस का भी किया औचक निरीक्षण

अनुशासन, जवाबदेही और जनसेवा को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता, फरियादियों की शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश

नैनीताल। जनपद के नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अर्पण यदुवंशी ने कार्यभार संभालने के बाद पुलिस व्यवस्था को लेकर सक्रियता दिखानी शुरू कर दी है। उन्होंने देर रात तक चली बैठक में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों और विभिन्न शाखाओं के प्रभारियों के साथ परिचयात्मक एवं समीक्षा गोष्ठी की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से उनके कार्यक्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों, संवेदनशील क्षेत्रों, कानून-व्यवस्था की चुनौतियों और स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली।

बैठक में एसएसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग में अनुशासन सर्वोपरि है, लेकिन प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपनी बात रखने का पूरा अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों का विश्वास बनाए रखें और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करें। उन्होंने कहा कि कोई भी पुलिसकर्मी बिना झिझक अपनी समस्या उनके सामने रख सकता है।

एसएसपी ने नैनीताल को प्रमुख पर्यटन जनपद बताते हुए कहा कि यहां देश-विदेश से पर्यटक और श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में पुलिसकर्मियों का व्यवहार शालीन, संवेदनशील और जनहितकारी होना जरूरी है। थाने, चौकी या पुलिस कार्यालय पहुंचने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत गंभीरता से सुनी जाए और उसका समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय, जवाबदेही और टीम भावना के साथ काम करने की हिदायत देते हुए कहा कि बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। आने वाली चुनौतियों का सामना पूरी प्रतिबद्धता और एकजुटता के साथ किया जाएगा। साथ ही उन्होंने जनता का विश्वास जीतने और अधीनस्थ पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।

बैठक के बाद एसएसपी ने कोतवाली परिसर स्थित पुलिस मैस का औचक निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने मैस की साफ-सफाई, स्वच्छता और रखरखाव की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को मैस में बेहतर व्यवस्थाएं बनाए रखने के निर्देश दिए।

एसएसपी ने कहा कि प्रभावी पुलिसिंग के लिए आमजन के प्रति संवेदनशीलता और जवाबदेही जितनी जरूरी है, उतना ही आवश्यक पुलिस विभाग के भीतर अनुशासन, आपसी समन्वय और कर्मचारियों की सुविधाओं का ध्यान रखना भी है।

इस दौरान एसपी सिटी हल्द्वानी हरबंस सिंह, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल, विमल प्रसाद, अंजना नेगी, लव शर्मा, विनय सिंह, समीरन भट्ट, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह सहित जनपद के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी, शाखा प्रभारी और पुलिस कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad

सम्बंधित खबरें