हरिद्वार में बड़ा सड़क हादसा: श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, नागौर की महिला की मौत, 16 यात्री घायल

हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार में आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राजस्थान से धार्मिक यात्रा पर आए श्रद्धालुओं से भरी बस शांतिकुंज गेट नंबर-3 के पास सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसे में राजस्थान के नागौर जिले की एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि करीब 16 यात्री घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजस्थान से श्रद्धालुओं को लेकर आ रही बस सर्विस लेन से हाईवे पर हरिद्वार की ओर मुड़ रही थी। इसी दौरान रायवाला की दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई, जबकि डंपर सड़क किनारे स्थित एक ढाबे में जा घुसा।

बताया जा रहा है कि बस में 45 से अधिक यात्री सवार थे। बस पलटने के बाद कई यात्री उसके अंदर और नीचे फंस गए। स्थानीय लोगों, पुलिस और राहत दल की मदद से सभी घायलों को बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल हरिद्वार भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।

पुलिस के अनुसार, मृतक महिला राजस्थान के नागौर जिले की निवासी थी। वह अपने भाई और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ हरिद्वार दर्शन के लिए आई थी। हादसे में घायल हुए यात्रियों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात को सुचारु कराया। वहीं, दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की लापरवाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।


सम्बंधित खबरें