टनकपुर में दर्दनाक हादसा: 70 मीटर गहरी खाई में गिरी पर्यटकों की कार, पांच दोस्त घायल

चंपावत। उत्तराखंड के चंपावत में बुधवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। टनकपुर-पिथौरागढ़ नेशनल हाईवे पर चल्थी के पास हरियाणा से आए पर्यटकों की कार अनियंत्रित होकर करीब 70 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पांचों दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायल हरियाणा के सोनीपत जिले के रहने वाले हैं।

जानकारी के मुताबिक, सोनीपत निवासी पांच दोस्त पिथौरागढ़ जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मुन्स्यारी घूमने आए थे। वापस घर लौटते समय उनकी कार (HR-10AN-7221) मुन्स्यारी से चंपावत होते हुए टनकपुर की ओर जा रही थी। बुधवार सुबह करीब 3:21 बजे चल्थी और कठौल के बीच अचानक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी।

बताया जा रहा है कि कार चला रहे आदित्य को अचानक झपकी आ गई, जिसके कारण वाहन पर से नियंत्रण हट गया और कार सीधे गहरी खाई में जा समाई। हादसे के बाद सुबह करीब 3:30 बजे स्थानीय लोगों ने चल्थी चौकी पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही एसआई राकेश कठायत के नेतृत्व में पुलिस टीम और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। रात के अंधेरे और दुर्गम रास्ते के बावजूद रेस्क्यू अभियान चलाया गया और काफी मशक्कत के बाद पांचों घायलों को खाई से बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया।

घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से उपजिला चिकित्सालय टनकपुर भेजा गया। घायलों की पहचान विवेक (32), अमनदीप (30), मोहित (33), आदित्य (32) और अतुल (32) सभी निवासी सोनीपत, हरियाणा के रूप में हुई है।

अस्पताल के डॉक्टर मानवेंद्र शुक्ला के अनुसार, हादसे में घायलों के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। हालत गंभीर होने पर मोहित, अमनदीप और अतुल को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है, जबकि विवेक और चालक आदित्य का इलाज टनकपुर अस्पताल में जारी है।

पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।

सम्बंधित खबरें