
चारधाम यात्रा में बड़ा हादसा: बदरीनाथ जा रहा टेंपो ट्रैवलर पलटा, महिला श्रद्धालु की मौत, 17 घायल
चमोली/जोशीमठ। चारधाम यात्रा के दौरान आज तड़के बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जोशीमठ के निकट पैनी क्षेत्र में गाजियाबाद से बदरीनाथ धाम जा रहा श्रद्धालुओं से भरा टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 17 अन्य यात्री घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, वाहन में चालक समेत कुल 18 लोग सवार थे। सुबह के समय पैनी क्षेत्र में अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर पलट गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया तथा प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। बचाव दल ने वाहन में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
हादसे में गाजियाबाद निवासी महिला श्रद्धालु आरती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 अन्य घायल यात्रियों का उपचार जारी है। ज्योर्तिमठ कोतवाल देवेंद्र सिंह रावत ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। चारधाम यात्रा के दौरान हुए इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर यात्रा सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।








